On This Day In 2024: राजकोट में रोहित सेना ने रचा था इतिहास, बैजबॉल हुआ था धराशायी

साल 2024 में भारत ने क्रिकेट के मैदान पर एक बहुत बड़ा इतिहास रचा। राजकोट में खेले गए एक टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 434 रनों से हरा दिया। रनों के लिहाज से देखा जाए तो ये टेस्ट क्रिकेट में भारत की अब तक की सबसे बड़ी जीत है। इस मैच में कई उतार-चढ़ाव देखने को मिले, लेकिन आखिर में नतीजा भारत के पक्ष में रहा। भारत ने अपनी पहली पारी में 445 रन बनाए थे, इंग्लैंड की टीम ने भी करारा जवाब देने की कोशिश की। लेकिन भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के आगे इंग्लैंड की टीम टिक नहीं पाई।
Hero Image


इंग्लैंड का 'बैजबॉल' अंदाज

इंग्लैंड की टीम जब बैटिंग करने उतरी तो उन्होंने अपने मशहूर 'बैजबॉल' स्टाइल में खेलना शुरू किया। उनकी बल्लेबाजी में एक अलग ही तेजी थी। इंग्लैंड ने सिर्फ 40 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 224 रन बना लिए थे। उनके ओपनर बेन डकेट ने बहुत ही शानदार बैटिंग की और 150 रन बनाए। उनकी ये पारी देखकर ऐसा लग रहा था कि इंग्लैंड इस मैच में भारत को कड़ी टक्कर देगा। लेकिन इतनी अच्छी शुरुआत के बाद भी इंग्लैंड की टीम काफी पीछे रह गई।

यशस्वी जायसवाल का तूफान

22 साल के युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल ने इंग्लैंड के गेंदबाजों की जमकर धुलाई की और इस सीरीज का अपना दूसरा दोहरा शतक लगाया और 214 रनों की मैराथन पारी खेली। उनकी इस पारी की सबसे खास बात ये थी कि उन्होंने वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए एक ही पारी में 12 छक्के लगाए। जायसवाल ने ठीक उसी अंदाज में रन बनाए जिस अंदाज में इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में बैटिंग की थी। उन्होंने इंग्लैंड की हर रणनीति को फेल कर दिया।


सरफराज के साथ दमदार साझेदारी

इस मैच में अपना डेब्यू कर रहे सरफराज खान ने भी कमाल का प्रदर्शन किया। सरफराज ने मैच की दोनों पारियों में अर्धशतक लगाए। दूसरी पारी में यशस्वी जायसवाल और सरफराज खान के बीच 172 रनों की शानदार साझेदारी हुई। इन दोनों ने मिलकर 6.5 रन प्रति ओवर की रफ्तार से रन बनाए, जिसने इंग्लैंड को पूरी तरह से बैकफुट पर धकेल दिया। सरफराज और जायसवाल की जोड़ी ने मैदान के हर तरफ शॉट्स लगाए और भारतीय टीम की स्थिति को बहुत मजबूत कर दिया।

ताश के पत्तों की तरह बिखरा इंग्लैंड

भारत ने इंग्लैंड के सामने जीत के लिए एक बहुत बड़ा लक्ष्य रखा। जिसका पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम दूसरी पारी में पूरी तरह से बिखर गई। इंग्लैंड की बैटिंग लाइन-अप भारतीय गेदबाजी को किसी भी तरह की टक्कर नही दे पाई। सिर्फ 25 ओवर के अंदर ही उनके 7 विकेट गिर गए और स्कोरबोर्ड पर केवल 50 रन थे। इसके कुछ ही देर बाद पूरी इंग्लैंड टीम आउट हो गई। भारतीय स्पिनर रवींद्र जडेजा ने अपनी फिरकी का जादू चलाया और 41 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए। जडेजा की गेंदबाजी के आगे इंग्लैंड के बल्लेबाज बेबस नजर आए।


अश्विन का नया कीर्तिमान

इस मैच में सिर्फ बल्लेबाजों ने ही नहीं, बल्कि गेंदबाजों ने भी रिकॉर्ड बनाए। भारतीय स्पिनर आर अश्विन ने भी एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। अश्विन टेस्ट क्रिकेट में 500 विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले सिर्फ अनिल कुंबले ही ये कारनामा कर पाए थे। इतना ही नहीं, अश्विन दुनिया के दूसरे सबसे तेज गेंदबाज भी बन गए हैं जिन्होंने 500 विकेट का आंकड़ा हुआ है।

इंग्लैंड की सबसे बड़ी हार

ये हार इंग्लैंड के लिए बहुत शर्मनाक रही। पिछले लगभग 100 सालों में रनों के लिहाज से ये इंग्लैंड की सबसे बड़ी हार थी। राजकोट का ये मैदान भारतीय क्रिकेट के लिए एक यादगार मैदान बन गया, जहां टीम इंडिया ने न सिर्फ मैच जीता, बल्कि कई रिकॉर्ड भी अपने नाम किए।