अपने अनुभव का हमें इंग्लैंड के खिलाफ फायदा मिलेगा: लियोनेल स्कालोनी
अटलांटा, 15 जुलाई (आईएएनएस)। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना की भिड़ंत इंग्लैंड से होनी है। अर्जेंटीना के कोच लियोनेल स्कालोनी का कहना है कि उनकी टीम को बड़े टूर्नामेंटों में खेलने के अनुभव का फायदा इंग्लैंड के खिलाफ मिलेगा। उनका मानना है कि लगातार बड़े मैच खेलने से खिलाड़ियों में आत्मविश्वास और धैर्य बढ़ता है।
अर्जेंटीना बुधवार को इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में पहुंचने के इरादे से मैदान पर उतरेगा।
कोच स्कालोनी ने सेमीफाइनल मैच से पहले कहा, "हमें ऐसे बड़े मुकाबले खेलने का अनुभव है। यह जरूरी नहीं कि अनुभव हमेशा जीत दिलाए, लेकिन इससे खिलाड़ियों को शांत रहने में मदद मिलती है। एक टीम के रूप में यह हमारा पांचवां सेमीफाइनल है और इससे हमें आत्मविश्वास मिलता है। खिलाड़ी शांत हैं और इस चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार हैं।"
अर्जेंटीना के कोच ने कहा कि टीम अपनी पहचान और खेलने के तरीके को बनाए रखते हुए इंग्लैंड के खतरनाक खिलाड़ियों से निपटने की योजना बना रही है। उन्होंने खास तौर पर इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन और युवा स्टार जूड बेलिंगहम की तारीफ की। स्कालोनी ने कहा, "हम हमेशा अपनी टीम को बेहतर बनाने और विपक्षी खिलाड़ियों को रोकने के लिए काम करते हैं। हम अपनी रणनीति में बदलाव कर सकते हैं या पहले अपनाए गए तरीके को जारी रख सकते हैं। हमारे खिलाड़ी अभी नहीं जानते कि अंतिम प्लेइंग इलेवन क्या होगी, लेकिन हम जानते हैं कि हमें दुनिया के दो बेहतरीन खिलाड़ियों का सामना करना है।
उन्होंने कहा कि अर्जेंटीना की कोशिश होगी कि ज्यादा से ज्यादा समय तक गेंद पर नियंत्रण रखा जाए, ताकि इंग्लैंड को तेज जवाबी हमले करने के मौके कम मिलें। कोच के अनुसार, "हमारी सोच साफ है कि गेंद हमारे पास रहे। अगर कभी गेंद विपक्षी टीम के पास चली भी जाए तो हमें ज्यादा परेशानी नहीं होनी चाहिए। इंग्लैंड के पास तेज गति वाले और वन-ऑन-वन में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी हैं।
48 वर्षीय स्कालोनी 2018 से अर्जेंटीना टीम के कोच हैं। उनके नेतृत्व में टीम ने 2019 में कोपा अमेरिका के सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसके बाद अर्जेंटीना ने 2021 और 2024 में कोपा अमेरिका खिताब जीता और 2022 में विश्व कप का खिताब भी अपने नाम किया। स्कालोनी ने कहा कि वह टीम के लगातार सफलता हासिल करने को कभी हल्के में नहीं लेते। उन्होंने माना कि सेमीफाइनल तक पहुंचना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।