BSNL का धमाकेदार 365 दिन वाला प्लान, एक बार रिचार्ज कर पूरे साल पाएं कॉलिंग-डेटा समेत कई फायदे

Newspoint

सरकारी टेलीकॉम कंपनी BSNL ने अपने ग्राहकों के लिए ऐसा प्रीपेड प्लान पेश किया है, जो पूरे साल रिचार्ज की झंझट से छुटकारा दिला सकता है। लंबे समय तक वैलिडिटी चाहने वाले यूजर्स को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने 365 दिनों वाला किफायती प्लान लॉन्च किया है। इस प्लान में सिर्फ लंबी वैधता ही नहीं, बल्कि अनलिमिटेड कॉलिंग, हाई-स्पीड डेटा और फ्री रोमिंग जैसे कई शानदार फायदे भी दिए जा रहे हैं। खास बात यह है कि निजी टेलीकॉम कंपनियों के समान प्लान्स की तुलना में BSNL का यह पैक करीब 1200 रुपये तक सस्ता बताया जा रहा है।

Hero Image

BSNL ने अपने आधिकारिक X अकाउंट के जरिए इस वार्षिक प्रीपेड प्लान की जानकारी साझा की। कंपनी के अनुसार यह प्लान 2,799 रुपये की कीमत में उपलब्ध है और इसमें पूरे 365 दिनों की वैधता मिलती है। यानी एक बार रिचार्ज कराने के बाद यूजर्स को सालभर बार-बार प्लान खत्म होने की चिंता नहीं रहेगी।

अगर प्लान के बेनिफिट्स की बात करें तो इसमें पूरे भारत में अनलिमिटेड वॉइस कॉलिंग की सुविधा दी जा रही है। साथ ही फ्री नेशनल रोमिंग का लाभ भी शामिल है, जिससे यूजर्स देश के किसी भी हिस्से में बिना अतिरिक्त शुल्क के कॉलिंग का इस्तेमाल कर सकते हैं। डेटा उपयोग करने वाले ग्राहकों के लिए कंपनी रोजाना 3GB हाई-स्पीड इंटरनेट भी दे रही है। इस हिसाब से पूरे साल में कुल 1095GB डेटा मिलता है। इसके अलावा प्रतिदिन 100 फ्री SMS की सुविधा भी प्लान में शामिल की गई है।

BSNL का कहना है कि यह प्लान खासतौर पर उन ग्राहकों के लिए तैयार किया गया है जो लंबी वैधता के साथ किफायती रिचार्ज चाहते हैं। निजी कंपनियों द्वारा लगातार रिचार्ज महंगे किए जाने के बीच BSNL अपने सस्ते और लंबे वैलिडिटी वाले प्लान्स के जरिए यूजर्स को आकर्षित करने में जुटा हुआ है। यही वजह है कि कंपनी ग्रामीण और छोटे शहरों के अलावा अब शहरी क्षेत्रों में भी अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है।

वहीं BSNL ने अपने चर्चित 1 रुपये वाले ऑफर को भी फिर से शुरू कर दिया है। कंपनी ने यह ऑफर पहली बार पिछले साल अगस्त में पेश किया था और अब एक बार फिर इसे नए ग्राहकों के लिए उपलब्ध कराया गया है। BSNL के ‘फ्रीडम ऑफर’ के तहत सिर्फ 1 रुपये में 30 दिनों की वैधता दी जा रही है।


इस ऑफर में यूजर्स को रोजाना 2GB हाई-स्पीड डेटा, 100 फ्री SMS और पूरे भारत में अनलिमिटेड कॉलिंग जैसी सुविधाएं मिलती हैं। साथ ही नेशनल रोमिंग भी पूरी तरह फ्री है। हालांकि यह ऑफर केवल उन ग्राहकों के लिए लागू है जो नया BSNL सिम खरीद रहे हैं। कंपनी का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा लोगों को अपने नेटवर्क का अनुभव देना है, ताकि नए यूजर्स BSNL की सेवाओं से जुड़ सकें।

टेलीकॉम बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच BSNL लगातार नए और सस्ते प्लान्स पेश कर रही है। कंपनी का फोकस उन यूजर्स पर है जो कम खर्च में ज्यादा वैलिडिटी और डेटा बेनिफिट्स चाहते हैं। ऐसे में 365 दिन वाला यह प्लान उन लोगों के लिए आकर्षक विकल्प बन सकता है, जो सालभर बिना बार-बार रिचार्ज कराए अपने मोबाइल नंबर को एक्टिव रखना चाहते हैं।