Xiaomi यूजर्स को लगा बड़ा झटका, कंपनी ने अपने इस फोल्डेबल फोन लाइनअप को कहा 'Good Bye'
Xiaomi के चाहने वालों के लिए एक बड़ी और हैरान करने वाली खबर सामने आई है। चीनी टेक कंपनी अब अपने फोल्डेबल स्मार्टफोन सेगमेंट के एक अहम हिस्से को बंद करने की तैयारी में है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी इस साल अपने फ्लिप-स्टाइल फोल्डेबल फोन को बाजार में पेश नहीं करेगी और आने वाले समय में भी इस लाइनअप को आगे बढ़ाने की योजना फिलहाल नजर नहीं आ रही है। माना जा रहा है कि Xiaomi अपने Mix Flip सीरीज को धीरे-धीरे अलविदा कह सकता है।
Mix Flip सीरीज पर लग सकता है ब्रेक
चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Weibo पर डिजिटल चैट स्टेशन (DCS) के हवाले से सामने आई जानकारी के मुताबिक Xiaomi अपने छोटे फ्लिप फोल्डेबल फोन Mix Flip को आगे जारी नहीं रखने वाला है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कंपनी ने इस सीरीज को डिसकंटिन्यू करने का फैसला लगभग ले लिया है।
एक यूजर के Mix Flip 3 को लेकर पूछे गए सवाल पर भी DCS ने संकेत दिया कि इस लाइन का अगला मॉडल शायद कभी लॉन्च न हो। हालांकि, यह भी साफ नहीं है कि कंपनी अपने बड़े फोल्डेबल यानी बुक-स्टाइल Mix Fold सीरीज को जारी रखेगी या नहीं।
फिलहाल Xiaomi की तरफ से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जिससे स्थिति और भी अनिश्चित बनी हुई है।
क्यों लिया जा सकता है यह फैसला?
टेक रिपोर्ट्स के अनुसार, फ्लिप-स्टाइल फोल्डेबल फोन का प्रोडक्शन कॉस्ट काफी ज्यादा होता है, जबकि बाजार में इसका रिटर्न उतना मजबूत नहीं मिलता। इसी वजह से कंपनियों को इस सेगमेंट में ज्यादा मुनाफा नहीं दिख रहा है।
इसी कारण Xiaomi इस लाइनअप को बंद करने पर विचार कर रही है, ताकि वह अपने रिसोर्सेज को अधिक प्रॉफिटेबल प्रोडक्ट्स पर फोकस कर सके।
Oppo ने भी दिखाई इसी राह पर सख्ती
सिर्फ Xiaomi ही नहीं, बल्कि चीनी ब्रांड Oppo ने भी अपने फ्लिप फोल्डेबल फोन लाइनअप को आगे न बढ़ाने का फैसला लिया है। Oppo Find N3 Flip के बाद कंपनी ने इस सीरीज का कोई नया मॉडल लॉन्च नहीं किया।
यह डिवाइस 2023 में पेश किया गया था और इसके बाद से Oppo ने इस सेगमेंट में चुप्पी साध ली है।
Motorola ने बढ़ाई रफ्तार
जहां एक तरफ कुछ कंपनियां इस सेगमेंट से पीछे हट रही हैं, वहीं Motorola ने फ्लिप फोन मार्केट में अपनी पकड़ मजबूत की है। कंपनी ने हाल ही में Motorola Razr 70 सीरीज को लॉन्च किया है, जिसमें Razr 70, Razr 70+ और Razr 70 Ultra शामिल हैं। ये डिवाइस जल्द ही बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे।
Xiaomi का अगला फोल्डेबल क्या होगा?
रिपोर्ट्स के मुताबिक Xiaomi अपने अगले फोल्डेबल स्मार्टफोन में Xring O3 चिप का इस्तेमाल कर सकता है। यह डिवाइस इस साल जुलाई या अगस्त के आसपास लॉन्च हो सकता है।
कहा जा रहा है कि यह फोन Mix Fold 6 या Xiaomi 17 Fold नाम से बाजार में आ सकता है। हालांकि, अभी तक कंपनी ने इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
Next Story