पुराना मोबाइल बेचने जा रहे हैं? पहले निपटा लें ये 7 जरूरी काम, वरना बाद में हो सकता है बड़ा पछतावा

Newspoint

नया स्मार्टफोन खरीदते ही ज्यादातर लोग अपना पुराना मोबाइल तुरंत बेचने या एक्सचेंज करने की सोचते हैं। लेकिन जल्दबाजी में लिया गया यह फैसला कई बार भारी पड़ सकता है। फोन में केवल फोटो और वीडियो ही नहीं, बल्कि बैंकिंग ऐप्स, निजी चैट, डॉक्यूमेंट्स और सोशल मीडिया अकाउंट्स तक की संवेदनशील जानकारी मौजूद रहती है। अगर इन्हें सही तरीके से डिलीट या सुरक्षित नहीं किया गया, तो आपकी निजी डाटा सिक्योरिटी खतरे में पड़ सकती है। साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ भी सलाह देते हैं कि फोन बेचने से पहले कुछ जरूरी सावधानियां जरूर अपनानी चाहिए।

Hero Image

सबसे पहले जरूरी डेटा का बैकअप लें

फोन बदलने से पहले अपने सभी महत्वपूर्ण डेटा जैसे फोटो, वीडियो, कॉन्टैक्ट्स और डॉक्यूमेंट्स का पूरा बैकअप लेना बेहद जरूरी है। इसके लिए आप क्लाउड स्टोरेज, लैपटॉप या एक्सटर्नल हार्ड ड्राइव का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे नया फोन सेटअप करते समय आपका कोई भी जरूरी डेटा खोने का खतरा नहीं रहेगा।

गूगल और एप्पल अकाउंट को करें अनलिंक

एंड्रॉयड यूजर्स को अपने फोन से गूगल अकाउंट को हटाना चाहिए, जबकि आईफोन यूजर्स को अपनी Apple ID को लॉगआउट और डिलीट करना जरूरी होता है। अगर यह स्टेप नहीं किया गया तो नया यूजर आपके अकाउंट और निजी जानकारी तक पहुंच सकता है।

बैंकिंग और यूपीआई ऐप्स को सुरक्षित तरीके से हटाएं

फोन में मौजूद Google Pay, PhonePe, Paytm या बैंकिंग ऐप्स को सिर्फ डिलीट करना काफी नहीं होता। पहले सभी ऐप्स से लॉगआउट करें, फिर उन्हें हटाएं। कई मामलों में लापरवाही की वजह से बैंक फ्रॉड और डेटा लीक जैसी घटनाएं सामने आती हैं।

फोटो, वीडियो और डॉक्यूमेंट्स को पूरी तरह डिलीट करें

गैलरी में मौजूद निजी तस्वीरें, वीडियो और जरूरी दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड आदि को पूरी तरह हटाना जरूरी है। इसके अलावा फोन के ट्रैश और रीसायकल बिन को भी खाली करना न भूलें, क्योंकि वहां डाटा सुरक्षित रह सकता है।


सोशल मीडिया और चैट ऐप्स से लॉगआउट करें

WhatsApp, Facebook और Instagram जैसे सभी सोशल मीडिया ऐप्स से केवल अनइंस्टॉल करना पर्याप्त नहीं है। पहले अकाउंट से लॉगआउट करें और जरूरी चैट्स का बैकअप जरूर ले लें, इसके बाद ही ऐप्स हटाएं।

अंत में करें फैक्ट्री रीसेट


सभी डेटा हटाने के बाद फोन को फैक्ट्री रीसेट करना सबसे अहम स्टेप है। इससे डिवाइस पूरी तरह नए जैसा हो जाता है और पुरानी जानकारी स्थायी रूप से मिट जाती है। यह विकल्प Android और iOS दोनों में सेटिंग्स में आसानी से मिल जाता है।

सिम कार्ड और मेमोरी कार्ड निकालना न भूलें

अक्सर लोग जल्दबाजी में सिम कार्ड और मेमोरी कार्ड फोन में ही छोड़ देते हैं, जो गंभीर सुरक्षा जोखिम पैदा कर सकता है। इससे आपके कॉन्टैक्ट्स, OTP और अन्य निजी जानकारी गलत हाथों में जा सकती है। इसलिए फोन बेचने से पहले इन्हें जरूर निकाल लें।