2027 के रण के लिए 'टीम पंकज' का ऐलान, 64 पदाधिकारियों में किस जाति की कितनी हिस्सेदारी?

Newspoint

लंबे इंतजार के बाद उत्तर प्रदेश भाजपा की नई प्रदेश और क्षेत्रीय कार्यकारिणी का गुरुवार को ऐलान कर दिया गया. प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने 64 पदाधिकारियों की सूची जारी करते हुए संगठन में बड़े बदलाव के संकेत दिए हैं. नई टीम में 46 नए चेहरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि 18 पुराने पदाधिकारियों को दोबारा मौका मिला है.

Newspoint

प्रदेश कार्यकारिणी में कुल 52 नेताओं को स्थान दिया गया है. इनमें 19 प्रदेश उपाध्यक्ष, 8 प्रदेश महामंत्री, 19 प्रदेश मंत्री और 6 मोर्चा अध्यक्ष शामिल हैं. इसके अलावा 6 क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, 3 कार्यालय मंत्री और 3 अन्य पदाधिकारियों की भी नियुक्ति की गई है. नई टीम में कई राजनीतिक और सामाजिक समीकरणों को साधने की कोशिश दिखाई दे रही है.

Hero Image
पूजा पाल को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया

समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुईं विधायक पूजा पाल को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है. नीरज सिंह को भी प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है. प्रतापगढ़ के रोहित मिश्रा को भारतीय जनता युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है.

माठ के विधायक राजेश चौधरी और अभिजात मिश्रा को प्रदेश महामंत्री बनाया गया है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निजी स्टाफ से जुड़े अंकर शर्मा को प्रदेश मंत्री बनाया गया है. वरिष्ठ पत्रकार यतेंद्र शर्मा को भी संगठन में प्रदेश मंत्री का दायित्व मिला है. पूर्व मंत्री सुरेश राणा और किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है.

सामाजिक समीकरणों पर खास फोकस

नई कार्यकारिणी में सामाजिक संतुलन को विशेष महत्व दिया गया है. टीम में कुल 13 महिलाओं को जगह मिली है. पिछली कार्यकारिणी की तुलना में अन्य पिछड़ा वर्ग के नेताओं की संख्या 16 से बढ़कर 25 हो गई है. वहीं अनुसूचित जाति वर्ग का प्रतिनिधित्व 8 से घटकर 5 रह गया है. ठाकुर नेताओं की संख्या 7 से घटकर 6 और ब्राह्मण नेताओं की संख्या 8 से घटकर 6 हो गई है. गुर्जर और भूमिहार समुदाय से तीनतीन नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि वैश्य समाज से दो नेताओं को स्थान मिला है.

उपाध्यक्ष और महामंत्रियों में बड़ा फेरबदल

प्रदेश उपाध्यक्षों की संख्या इस बार 18 से बढ़ाकर 19 कर दी गई है. इनमें सत्यपाल सैनी, ब्रज बहादुर, मोहित बेनीवाल और धर्मेंद्र सिंह को दोबारा मौका मिला है, जबकि 15 नए चेहरे शामिल किए गए हैं. प्रदेश महामंत्रियों के आठ पदों में केवल संजय राय अपनी जगह बचाने में सफल रहे हैं. बाकी सभी पदों पर नए चेहरों को मौका दिया गया है.

छह महीने बाद सामने आई टीम

गौरतलब है कि पंकज चौधरी को 14 दिसंबर 2025 को उत्तर प्रदेश भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था. अध्यक्ष बनने के करीब छह महीने बाद उन्होंने अपनी पहली पूर्ण प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की है. राजनीतिक जानकार इसे 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी के रूप में देख रहे हैं, जिसमें भाजपा ने नए सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों को साधने का स्पष्ट संदेश दिया है.