Mayawati Targets Akhilesh Yadav : वोट तो पीडीए का चाहिए लेकिन…राज्यसभा चुनाव में सपा के कैंडिडेट्स को लेकर मायावती ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना
नई दिल्ली। बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने सपा पर परिवारवाद और धनबल की राजनीति करने का आरोप लगाया है। राज्यसभा चुनाव में सपा के कैंडिडेट्स को लेकर मायावती ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। बीएसपी सुप्रीमो ने कहा कि सपा को चुनाव में वोट तो ’पीडीए’ का चाहिये, लेकिन सांसद और विधायक वो ज्यादातर अपने परिवार वालों को या बड़े-बड़े पूंजीपतियों को बनाती है। पूर्व सीएम ने समाजवादी पार्टी के ’पीडीए’ के बहकावे में ना आने और इनके दोहरे चरित्र से बचने की जनता को सलाह दी है। मायावती ने कहा, बीएसपी की राजनीति परिवारवाद व धनबल से मुक्त व पाक-साफ है, जबकि सपा जो अपने आपको समाजवादी व कथित ’पीडीए’ (PDA) की पार्टी होने का राजनीतिक ढोंग व छलावा करती है, वो ठीक इसके विपरीत कार्य करती है।
पूर्व सीएम ने कहा, जैसाकि सर्वविदित है बीएसपी किसी भी छोटे या बड़े चुनाव में विरोधी पार्टियों खासकर समाजवादी पार्टी (सपा) की तरह अपने परिवार, सगे-सम्बंधी, भाई-भतीजों, करीबी रिश्ते-नातेदारों को टिकट नहीं देती है। और न तो सपा की तरह बड़े-बड़े पूंजीपतियों और धन्नासेठों को टिकट देकर चुनावों में उनके धनबल का सहारा लेती है। सपा ने यूपी से राज्यसभा के लिये द्विवार्षिक चुनाव में रामगोपाल यादव, जो सपा मुखिया के नजदीकी रिश्तेदार हैं, उनको फिर से उम्मीदवार बनाया है। जबकि सपा ने अपनी पार्टी के दूसरे उम्मीदवार के रूप में धनराज परिमल नाथवानी का पर्चा भरवाया है जो चर्चित उद्योग घराने से सम्बद्ध हैं। लोगों की राय में सपा का तीसरा उम्मीदवार पहले की तरह संभवतः ’फेस सेविंग’ और चुनाव हारने के लिये होगा।
मायावती बोलीं, यह कोई नई बात नहीं है बल्कि सपा का इस प्रकार का दोहरा चाल, चरित्र व चेहरा हमेशा से ही रहा है और इसीलिये खासकर अपरकास्ट समाज के गरीबों तथा ’बहुजन समाज’ अर्थात दलितों, आदिवासियों, अति-पिछड़ों, मुस्लिम एवं अन्य धार्मिक अल्पसंख्यक समाज के समस्त लोगों को यूपी विधानसभा आम चुनाव से पहले ही पूरी तरह से सचेत हो जाना चाहिये।
The post Mayawati Targets Akhilesh Yadav : वोट तो पीडीए का चाहिए लेकिन…राज्यसभा चुनाव में सपा के कैंडिडेट्स को लेकर मायावती ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना appeared first on News Room Post.