ICC Rankings : आईसीसी टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा, ईशान किशन और अभिषेक शर्मा टॉप-2 पोजिशंस पर
नई दिल्ली। आईसीसी ने दुनियाभर के क्रिकेट खिलाड़ियों की ताजा रैंकिंग जारी कर दी है। टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में भारतीयों खिलाड़ियों का दबदबा दिखाई दिया। भारत के विकेट कीपर बल्लेबाज ईशान किशन 913 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ रैंकिंग में टॉप पर बने हुए हैं। वहीं अभिषेक शर्मा दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। अभिषेक इससे पहले तीसरे नंबर पर थे, मगर अब उन्होंने पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान को पीछे छोड़ते हुए सेकेंड पोजिशन हासिल कर ली है। अभिषेक शर्मा की रेटिंग 862 हो गई है, वहीं साहिबजादा फरहान के ताजा रेटिंग प्वाइंट्स 848 हैं।
टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में भारत के तिलक वर्मा को हालांकि इस बार नुकसान उठाना पड़ा है। वो 8वें नंबर पहुंच गए हैं। इंग्लैंड के फिल साल्ट चौथे जबकि दक्षिण अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस पांचवें नंबर पर हैं। टी20 गेंदबाजों में भारत के वरुण चक्रवर्ती दो पायदान ऊपर आकर टॉप 5 में शामिल हो गए हैं। 678 रेटिंग के साथ वरुण 5वें स्थान पर आ गए हैं। वहीं जसप्रीत बुमराह 7 पायदान की छलांग लगाते हुए 10वें स्थान पर पहुंच गए हैं। भारतीय बॉलर अर्शदीप सिंह की हालिया रैंकिंग में काफी सुधार हुआ है और 11 पायदान चढ़कर वो 14वें नंबर पर पहुंच गए हैं। जबकि अक्षर पटेल 27वें स्थान पर आ गए हैं। अक्षर को 6 स्थान का फायदा हुआ है।
हालांकि टी20 बॉलर्स में अफगानिस्तान के राशिद खान का जलवा बरकरार है और वो 744 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ पहले नंबर पर हैं। पाकिस्तान के अबरार अहमद सेकेंड पोजिशन पर हैं और उनके रेटिंग प्वाइंट्स 736 हैं। टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में इंग्लैंड के ओली रॉबिन्सन तीसरे स्थान पर आ गए हैं। यह उनके करियर की अब तक की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है। वहीं इंग्लैंड के ही जोश टंग को भी 2 पायदान का फायदा हुआ है और वह भी अपने करियर की अब तक की सर्वेश्रेष्ठ रैंकिंग हासिल करते हुए 11वें नंबर पर आ गए हैं।
The post ICC Rankings : आईसीसी टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा, ईशान किशन और अभिषेक शर्मा टॉप-2 पोजिशंस पर appeared first on News Room Post.