देश के 14 राज्यों में मानसून का अलर्ट: कहीं गिरे ओले तो कहीं चली तेज हवाएं
देश के कई राज्यों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए कई राज्यों में तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। अगर दिल्ली-NCR की बात करें, तो यहाँ कल देर रात हुई भारी बारिश और तेज हवाओं ने मौसम का रुख पूरी तरह बदल दिया है। मौसम विभाग ने अब देश के 14 राज्यों के लिए आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी जारी की है।
दिल्ली-NCR में 5 मई को हुई इस बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया है और लोगों को चुभती गर्मी से बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक 6 मई को भी दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
उत्तर प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अगले 24 घंटों के भीतर बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि प्रयागराज, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़ और बलिया समेत कई जिलों में बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं।
बिहार में बारिश और बिजली का अलर्ट
बिहार के कई जिलों में आज तूफान, भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। इसका सबसे ज्यादा असर पूर्वी चंपारण, गया और औरंगाबाद में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने पूरे बिहार में 8 मई तक आंधी-बारिश की चेतावनी दी है, इसलिए लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है।
राजस्थान में मौसम का हाल
पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान के कई इलाकों में आंधी और बारिश का दौर जारी रहने वाला है। मौसम विभाग ने राजधानी जयपुर के लिए भी अलर्ट जारी किया है। आज कोटा, उदयपुर और भरतपुर के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। हालांकि, 8 से 11 मई के बीच जोधपुर और बीकानेर संभाग के सीमावर्ती इलाकों में तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
दक्षिण भारत में भी होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 6 से 9 मई के बीच दक्षिण भारत के कई हिस्सों में मौसम बदलेगा। तमिलनाडु, पुडुचेरी, तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की उम्मीद है।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ का पूर्वानुमान
6 से 9 मई के बीच मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के मौसम में भी बड़ा बदलाव आएगा। इन दोनों राज्यों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
दिल्ली-NCR में 5 मई को हुई इस बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया है और लोगों को चुभती गर्मी से बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक 6 मई को भी दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है।









