India Bangladesh: दिनेश त्रिवेदी की तारिक रहमान से मुलाकात, क्या भारत आएंगे बांग्लादेशी PM, ढाका ने रखी शर्त

Newspoint
ढाका: बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने सोमवार को प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात की। इस दौरान बातचीत में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण और उस्मान हादी हत्याकांड के आरोपियों की वापसी जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के नई दिल्ली में वर्चुअली मीडिया को संबोधित करने के बाद पैदा हुए तनाव के बीच इस मुलाकात को अहम बताया जा रहा है। भारत ने प्रधानमंत्री तारिक रहमान को BIMSTEC की बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रित भी किया है, लेकिन बांग्लादेश ने इस पर कोई फैसला नहीं लिया है। इस मुलाकात की जानकारी देने के लिए उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी नई दिल्ली आने वाले हैं।
Hero Image


तारिक रहमान का भारत दौरा तय नहीं
विदेश मंत्री खलीलुर रहमान ने आज कहा कि सरकार ने अभी यह तय नहीं किया है कि प्रधानमंत्री तारिक रहमान 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स समिट में शामिल होंगे या नहीं। भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी की सचिवालय में प्रधानमंत्री तारिक रहमान से शिष्टाचार मुलाकात के बाद खलीलुर रहमान ने पत्रकारों से कहा, "सबसे पहले तो मैं कोई ज्योतिषी नहीं हूं। इसलिए, मैं यह भविष्यवाणी नहीं कर सकता कि यह किस दिन होगा।"


तारिक रहमान को भारत क्यों बुला रहा?
उन्होंने कहा, "दूसरी बात, BIMSTEC का निमंत्रण प्रधानमंत्री को व्यक्तिगत रूप से नहीं भेजा गया था। यह BIMSTEC के अध्यक्ष को भेजा गया था।" खलील ने कहा कि बांग्लादेश को भारत से दो निमंत्रण मिले थे - एक भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से द्विपक्षीय दौरे के लिए और दूसरा BIMSTEC अध्यक्ष को ब्रिक्स समिट में शामिल होने के लिए। उन्होंने कहा कि इनमें से किसी भी निमंत्रण को स्वीकार करने पर अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है।


बांग्लादेश ने भारत के सामने दो शर्तें रखीं
खलीलुर रहमान ने कहा कि बांग्लादेश ने भारत से शेख हसीना के प्रत्यर्पण में तेजी लाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, "हमें उम्मीद है कि भारत इस मामले में सकारात्मक प्रतिक्रिया देगा।" उन्होंने यह भी कहा कि बांग्लादेश ने उस्मान हादी की हत्या के संदिग्धों के संबंध में भारत द्वारा मांगे गए दस्तावेज सौंप दिए हैं और नई दिल्ली से उन्हें प्रत्यर्पित करने का आग्रह किया है। 5 अगस्त को भारत में एक कार्यक्रम में शेख हसीना के संबोधन का जिक्र करते हुए खलील ने कहा कि बांग्लादेश ने नई दिल्ली को अपना रुख स्पष्ट रूप से बता दिया है।