Hero Image

ज़मीनी पकड़ वाले हैं ठाकुर प्रसाद, इंडी गठबंधन सकते में!

रायबरेली,25अप्रैल(हि.स.)। लोकसभा चुनाव के लिए सबसे चर्चित सीट रायबरेली में पहल करते हुए बहुजन समाज पार्टी ने अपने पत्ते खोल दिये हैं। पार्टी ने यहां से अपने एक वरिष्ठ नेता को प्रत्याशी बनाया है। जिले की प्रमुख विधानसभा सीट सरेनी से दो बार बसपा से चुनाव लड़ चुके ठाकुर प्रसाद यादव अब पार्टी से लोकसभा के लिए किस्मत आजमाएंगे।यादव को प्रत्याशी बनाये जाने के बाद अचानक राजनीतिक हलचलें तेज़ हो गई है।

ठाकुर प्रसाद यादव जी ज़मीनी पकड़ को देखते हुए यह इंडी गठबंधन के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।

रायबरेली से घोषित बसपा प्रत्याशी ठाकुर प्रसाद यादव जिले के बहाई गांव के रहने वाले हैं। बहुजन समाज पार्टी से उनका सम्बंध क़रीब एक दशक पहले से है। वह सरेनी विधानसभा सीट पर पार्टी प्रत्याशी के तौर पर 2017 औऱ 2022 में चुनाव लड़ चुके हैं।

पेशे से व्यवसायी ठाकुर प्रसाद यादव को ज़मीनी पकड़ का नेता माना जाता है। 2017 के विधानसभा चुनाव में वह केवल 13 हजार मतों से हार गए थे,जबकि 2022 में वह तीसरे नम्बर पर थे। इस चुनाव में उन्हें करीब 38 हज़ार से ज्यादा मत मिले थे।

उल्लेखनीय है कि बसपा प्रत्याशी ठाकुर प्रसाद यादव के पास जहां बसपा कैडर का साथ मिलेगा वहीं सजातीय मतों में भी वह बड़ी सेंध लगा सकते हैं। बसपा के इस दांव को इंडी गठबंधन के लिए एक झटके के तौर पर भी देखा जा रहा है।

READ ON APP