गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना: बिना ब्याज पाएं 1 लाख रुपये तक का लोन, जानिए आवेदन की पूरी प्रक्रिया

Newspoint
गांवों में बहुत से लोग पशुपालन का काम करते हैं और घर बैठे इससे अच्छी कमाई भी कर लेते हैं। लेकिन पशुपालन में चुनौतियां भी कम नहीं होती हैं। मवेशियों को पालने में कई तरह के खर्चे आते हैं। जानवर अचानक बीमार पड़ सकते हैं, उनके चारे और रखरखाव पर भी पैसे खर्च करने पड़ते हैं। ऐसे समय में पशुपालकों को अचानक पैसों की भारी जरूरत पड़ जाती है।
Hero Image


पशुपालकों की इसी जरूरत को पूरा करने के लिए सरकार मदद का हाथ बढ़ा रही है। इन मुश्किलों को कम करने के लिए राजस्थान सरकार ने गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना शुरू की है। इस योजना के तहत योग्य पशुपालकों को 1 लाख रुपये तक का छोटा लोन बिना किसी ब्याज के दिया जाता है। यह सरकारी योजना बिल्कुल किसान क्रेडिट कार्ड की तरह ही काम करती है और पशुपालन व डेयरी से जुड़े खर्चों के लिए आर्थिक सहारा देती है।

इस पैसे का इस्तेमाल कहां-कहां किया जा सकता है

राजस्थान सरकार की इस योजना के तहत मिलने वाली रकम का उपयोग पशुपालक चारे के इंतजाम और पशुओं के इलाज के लिए कर सकते हैं। इसके अलावा मिनरल मिक्सचर, टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान और दूसरी मेडिकल जरूरतों पर भी यह पैसा खर्च किया जा सकता है। अगर जरूरत पड़े तो इस रकम से पशुओं के रहने के लिए शेड बनवा सकते हैं या डेयरी से जुड़ी मशीनरी भी खरीद सकते हैं।

You may also like



योजना के लिए कौन पात्र है?

गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना का फायदा उठाने के लिए आवेदक का राजस्थान का निवासी होना अनिवार्य है। साथ ही वह पशुपालन या डेयरी फार्मिंग के काम से जुड़ा होना चाहिए। आवेदक का किसी दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति का सदस्य होना भी जरूरी है। इसके अलावा संबंधित बैंक या सहकारी संस्था की तय की गई योग्यताओं को पूरा करना होगा। लोन की मंजूरी बैंक या जुड़ी हुई सहकारी संस्था के नियमों के हिसाब से ही दी जाएगी।

कौन-कौन से दस्तावेज चाहिए?

अगर आप इस योजना का लाभ लेना चाहते हैं तो आपको सबसे पहले आवेदन करना होगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए कुछ जरूरी कागजात चाहिए होंगे:


  • आधार कार्ड
  • जन आधार कार्ड
  • पैन कार्ड
  • बैंक पासबुक
  • मोबाइल नंबर
  • पासपोर्ट साइज फोटो
  • पशुओं से जुड़े दस्तावेज
  • बैंक खाते का विवरण

आवेदन कहां और कैसे करें?

इस योजना में आवेदन करने के लिए आप अपनी नजदीकी दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति, ग्राम सेवा सहकारी समिति, पशुपालन विभाग या जिला केंद्रीय सहकारी बैंक से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी मौजूद है। आप एसएसओ (SSO) पोर्टल के जरिए 'राज सहकार' सर्विस में लॉगिन करके अपना फॉर्म जमा कर सकते हैं। इस तरह पशुपालकों को पशुओं के इलाज, चारे और डेयरी से जुड़े कामों के लिए सही समय पर आर्थिक मदद मिल जाती है, जिससे उन्हें महंगे ब्याज वाले लोन पर निर्भर नहीं रहना पड़ता।

Loving Newspoint? Download the app now
Newspoint