LPG Cylinder Home Delivery: भारत गैस के ग्राहकों के लिए खुशखबरी, कई इलाकों में फिर शुरू हुई होम डिलीवरी सुविधा

दुनियाभर में चल रही उथल-पुथल के बीच भारत गैस ने अपने ग्राहकों को एक बड़ी राहत दी है। कंपनी ने कई इलाकों में एलपीजी गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी यानी घर तक सिलेंडर पहुंचाने की सेवा फिर से चालू कर दी है। आपको बता दें कि जंग की शुरुआत के बाद गैस की कमी होने के कारण कई जगहों पर यह सर्विस रोक दी गई थी, जिससे खासकर ग्रामीण इलाकों के लोगों को काफी परेशानी हो रही थी। ध्यान देने वाली बात यह भी है कि इससे पहले एचपी (HP) गैस ने भी एलपीजी सिलेंडर की होम डिलीवरी शुरू की थी, जिसे बाद में बंद करना पड़ा था।
Hero Image


आखिर क्यों बंद कर दी गई थी यह सर्विस?


जैसे ही जंग की शुरुआत हुई, बाजार में अचानक गैस की डिमांड बहुत ज्यादा बढ़ गई क्योंकि लोग डर के मारे एडवांस में सिलेंडर खरीदने लगे थे। इस वजह से डीलर्स ने कई इलाकों में घर-घर जाकर सिलेंडर देना बंद कर दिया था। लेकिन अब सरकार की तरफ से नियमों को कड़ा किए जाने के बाद उन सभी इलाकों में एलपीजी सिलेंडर की होम डिलीवरी एक बार फिर से शुरू हो गई है।

एलपीजी सिलेंडर बुकिंग के नए नियम


गैस सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग यानी कालाबाजारी को रोकने के लिए सरकार ने बुकिंग के नियमों को पहले से कहीं ज्यादा सख्त कर दिया है। अब आपको बिना ओटीपी के एलपीजी सिलेंडर नहीं मिल सकेगा। नए नियमों के मुताबिक, सबसे पहले आपको अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से एलपीजी सिलेंडर बुक करना होगा। बुकिंग होते ही आपके मोबाइल पर एक ओटीपी (OTP) आएगा। जब डिलीवरी गाड़ी आपके यहाँ आए या आप डीलर के पास जाएं, तो आपको यह ओटीपी उन्हें दिखाना होगा। डीलर इस ओटीपी को वेरिफाई करेगा और उसके बाद ही आपको नया सिलेंडर दिया जाएगा। इसके साथ ही अपनी गैस पासबुक साथ ले जाना बिल्कुल न भूलें।