ब्लॉक प्रिंटिंग: कपड़े सजाने की एक पुरानी और खूबसूरत कला

ब्लॉक प्रिंटिंग एक पारंपरिक कला है जिसमें लकड़ी के ब्लॉक का उपयोग करके कपड़े पर सुंदर डिजाइन बनाए जाते हैं। यह कला भारत, चीन, जापान और अन्य देशों में सदियों से की जा रही है। लकड़ी के ब्लॉक पर नक्काशी करके उन्हें रंग में डुबोया जाता है और फिर उन्हें कपड़े पर छापकर डिजाइन तैयार किए जाते हैं। इसे ‘हैंड ब्लॉक प्रिंटिंग’ भी कहा जाता है क्योंकि यह पूरी तरह हाथों से किया जाता है।
Hero Image


कैसे बनाए जाते हैं लकड़ी के ब्लॉक?


ब्लॉक प्रिंटिंग के लिए सबसे पहले एक सुंदर डिजाइन को कागज पर बनाया जाता है। फिर इस डिज़ाइन को मजबूत लकड़ी – आमतौर पर शीशम – पर नक्काशी के औजारों से उकेरा जाता है। हर ब्लॉक एक खास डिज़ाइन के लिए होता है। सरल डिज़ाइन में 2-3 ब्लॉक की जरूरत होती है, जबकि जटिल डिज़ाइनों में 20 से 30 अलग-अलग ब्लॉक इस्तेमाल हो सकते हैं। यह काम पूरी तरह हाथों से किया जाता है, जिसमें बहुत धैर्य और सटीकता की ज़रूरत होती है।


कपड़ा कैसे तैयार किया जाता है?


ब्लॉक प्रिंटिंग से पहले कपड़े की अच्छी तरह से सफाई की जाती है। इसे पहले एक ब्लीचिंग घोल में डुबोया जाता है जिससे कोई भी गंदगी या तेल निकल जाए और रंग अच्छे से चढ़े। फिर कपड़े को रंग में डुबोया जाता है और रोलर मशीन से गुजारा जाता है ताकि रंग एकसमान रूप से फैले। इसके बाद कपड़े को खुले में धूप में सुखाया जाता है। सूखने के बाद कपड़े को फिनिशिंग के लिए भेजा जाता है, जहां हॉट रोलर प्रेस से इसे चिकना और तैयार किया जाता है।


ब्लॉक प्रिंटिंग की पूरी प्रक्रिया


ब्लॉक प्रिंटिंग में इस्तेमाल होने वाले रंग प्राकृतिक चीजों जैसे फूल, पत्तियां या सब्जियों से बनाए जाते हैं। तैयार रंग को एक ट्रे में डाला जाता है और लकड़ी के ब्लॉक को उसमें डुबोया जाता है। फिर कपड़े को सपाट जगह पर फैलाकर उस पर ब्लॉक को हल्के हाथों से दबाया जाता है, ताकि डिज़ाइन अच्छी तरह छप जाए। यह काम एक-एक ब्लॉक को बड़ी सावधानी से करके पूरा किया जाता है। जब पूरा कपड़ा छप जाता है, तब इसे फिर से धूप में सुखाया जाता है ताकि रंग स्थिर हो जाए।

ब्लॉक प्रिंटिंग सिर्फ एक छपाई तकनीक नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक विरासत है जो आज भी जिंदा है। यह कपड़ों को एक नया और अनोखा रूप देती है, और स्थानीय कारीगरों की मेहनत और कला को दर्शाती है। अगर आपको कला और डिजाइन का शौक है, तो ब्लॉक प्रिंटिंग एक बेहतरीन तरीका है अपनी रचनात्मकता को व्यक्त करने का।