SBI Hiring Alert: लोन वसूली के लिए 4000 लोगों को काम पर रखेगा SBI

Newspoint
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने एक बड़ा फैसला लेते हुए अगले एक साल में करीब 4,000 नए लोगों को नौकरी पर रखने की योजना बनाई है। यह नई टीम बैंक के लोन रिकवरी और कलेक्शन के काम को संभालेगी। बैंक के चेयरमैन सीएस शेट्टी ने बताया कि भले ही बैंक का एनपीए (डूबा हुआ कर्ज) पिछले दो दशकों में सबसे निचले स्तर पर है, लेकिन वे भविष्य को लेकर कोई ढील नहीं देना चाहते।
Hero Image


चेयरमैन शेट्टी ने एक बातचीत के दौरान कहा कि जैसे-जैसे बैंक का लोन बिजनेस बढ़ रहा है, वैसे ही लोन देने की जांच-परख और रिकवरी सिस्टम को और मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने साफ किया कि इतनी बेहतरीन एसेट क्वालिटी बनाए रखना आसान नहीं है, इसलिए बैंक अब एक दमदार कलेक्शन सिस्टम शुरू कर रहा है। इसके लिए फील्ड पर 3,000 से 4,000 लोगों को तैनात किया जाएगा।

कैसे होगी भर्ती?

अगर आप सोच रहे हैं कि ये लोग बैंक के पुराने स्टाफ से लिए जाएंगे, तो ऐसा नहीं है। शेट्टी ने स्पष्ट किया कि ये नई नियुक्तियां बैंक के वर्तमान कर्मचारियों में से नहीं होंगी। इसके बजाय, एसबीआई अपनी सहायक कंपनियों (Subsidiaries) के नेटवर्क का इस्तेमाल करके इन लोगों को भर्ती करेगा। ये कर्मचारी फील्ड में काम करेंगे, लेकिन इनका मैनेजमेंट सीधे बैंक के पास रहेगा।

You may also like



ये भी पढ़ें: SBI Customers Alert: फर्जी आधार अपडेट लिंक से खाली हो सकता है बैंक अकाउंट

क्यों पड़ी इसकी जरूरत?

मार्च तिमाही में एसबीआई का नेट एनपीए सुधरकर 0.39% पर आ गया है, जो एक साल पहले 0.47% था। बैंक चाहता है कि जो लोन शुरुआती दौर में अटके हुए हैं, वे बैलेंस शीट पर बोझ न बनें। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नए नियमों के तहत अब शुरुआती दौर के तनावग्रस्त खातों के लिए भी प्रावधान करने पड़ते हैं, इसलिए बैंक ने पहले से ही तैयारी शुरू कर दी है।


वित्त वर्ष 2026 के अंत तक एसबीआई के पास कुल 2.45 लाख कर्मचारी थे। हाल ही में बैंक ने जनवरी से मार्च तिमाही के लिए 19,684 करोड़ रुपये का मुनाफा भी दर्ज किया है और अपने शेयरधारकों के लिए 17.35 रुपये प्रति शेयर के डिविडेंड का भी ऐलान किया है।



Loving Newspoint? Download the app now
Newspoint